सोनीपत। जिला कारागार में साथी से मुलाकात के लिए आए युवक ने चप्पल के अंदर कागज में लपेटकर चरस पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि ड्योढ़ी में तलाशी के दौरान चरस बरामद कर ली गई। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान वेस्ट रामनगर निवासी हरीश के रूप में हुई।
कारागार के उप अधीक्षक सचिन ने पुलिस को बताया 5 सितंबर को कारागार में बंद हवालाती विकास नगर गली नंबर-4 निवासी राहुल से मुलाकात करने के लिए उसका दोस्त हरीश आया था। हरीश ने राहुल को देने के लिए चप्पल दी थी। जब चप्पल की तलाशी ली गई तो उसके अंदर कागज में छिपाकर चरस रखी गई थी। ड्योढ़ी में वार्डर संजय ने चरस को पकड़ लिया। उसका वजन 7.40 ग्राम मिला। उन्होंने मामले में कोर्ट कॉम्पलेक्स चौकी से एसआई बलवान को बुलाया। पुलिस ने हरीश को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि वह अपने दोस्त और पड़ोसी राहुल को देने के लिए चरस लाया था। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे जमानत मिल गई।