सोनीपत। सुभाष नगर में विवाहिता की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने जब पूछताछ शुरू की तो उसके जेठ ने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया। एसपीओ के गले पर धारदार हथियार से हमला करने के साथ पत्थर भी मारा गया। इसके बाद आरोपी भाग गया।
डायल-112 इंचार्ज के बयान पर सिटी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुभाष नगर की महिला ने शनिवार देर रात पुलिस को बताया कि उनका जेठ अजय व अन्य उससे मारपीट करने पर उतारू हैं। इसके बाद डायल-112 की टीम इंचार्ज तेजपाल के साथ मौके पर पहुंच गई। वहां आठ-दस महिला व पुरुष खड़े थे। पुलिस टीम ने महिला के जेठ अजय से पूछताछ शुरू की तो वह आवेश में आ गया। उसने एसपीओ सतेंद्र की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर भागने लगा। पुलिस ने उसे रोका तो उसने पत्थर उठाकर पुलिस टीम को मारा। पत्थर सतेंद्र के हाथ में लगा। पुलिस टीम ने एसपीओ को उपचार दिलवाया। इसके बाद सिटी थाना में शिकायत दी गई। पुलिस ने अजय वा अन्य के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, धारदार हथियार से हमला करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस टीम पर लगातार किए जा रहे हमले
पुलिस टीम हमला पर करने का चार दिन में यह तीसरा मामला है। इससे पहले 6 दिसंबर की रात को मुरथल थाना प्रभारी का गिरेबान पकडऩे, नेम प्लेट तोडऩे व अन्य कर्मियों पर हमले का प्रयास करने का मामला सामने आया था। उसके एक दिन बाद आधी रात को डीजे बंद कराने गई मुरथल थाना क्षेत्र की डायल-112 पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया था। अब सिटी थाना क्षेत्र की डायल-112 टीम पर हमला किया गया।
वर्जन
महिला की शिकायत पर जांच करने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में गहनता से जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी। -इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी सिटी सोनीपत