संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत/गोहाना। आढ़तियों ने सरसों की सीधी खरीद व आढ़त में कटौती के विरोध में मंगलवार को अनाज मंडियों में आंदोलन जारी रखा। आढ़तियों ने सोनीपत अनाज मंडी में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और मार्केट कमेटी की सचिव ज्योति मोर को ज्ञापन सौंपा। वहीं, गोहाना अनाज मंडी में आढ़तियों ने दो घंटे तक धरना दिया। चेतावनी दी कि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे बेमियादी हड़ताल करने के लिए मजबूर होंगे।
सोनीपत में रोहतक रोड स्थित नई अनाज मंडी में एकत्रित आढ़तियों ने प्रदर्शन किया। अनाज मंडी ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान पवन गोयल ने बताया कि सरसों की खरीद पर उनकी आढ़त पूरी तरह से खत्म कर दी गई है। सरकार किसानों से सीधे सरसों की खरीद कर रही है। सरकार ने पहले गेहूं पर 9.99 रुपये व धान पर 9.19 रुपये आढ़त कम की है। भारतीय खाद्य निगम के साइलो गोदाम में जाने वाले अनाज पर आढ़त पूरी तरह से खत्म कर दी गई है। चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार की ओर से उनकी मांगों का समाधान जल्द किया जाए अन्यथा वह आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
महासचिव पवन बंसल ने कहा कि शुरुआत से ही आढ़तियों व किसानों का चोली दामन का साथ है। अगर किसान आढ़तियों के माध्यम से अपनी फसल का भुगतान चाहता है तो उसे यह विकल्प दिया जाए। साथ ही टीडीएस, जीएसटी व मार्केटिंग बोर्ड के नियमों में संशोधन किया जाएगा। इस दौरान प्रवीन गोयल, राकेश बंसल, मुकेश सिंगला, अनुज गर्ग, तरुण कुच्छल, महावीर जैन समेत अन्य आढ़ती भी मौजूद रहे।
गोहाना अनाज मंडी में आढ़तियों का धरना जारी
सरसों की सीधी खरीद व आढ़त कटौती के विरोध में जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में आढ़तियों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रधान विनोद सहरावत ने बताया कि सरकार आढ़तियों का शोषण कर रही है। सरकार मंडियों को खत्म कर बड़े व्यापारियों को फायदा पहुंचाने के लिए सीधी खरीद कर रही है। इससे आढ़तियों काे नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो चुनाव में इसका नुकसान सहन करना होगा। इस दौरान रामधन भारतीय, लाला रामधारी, राजेश गर्ग, रामधन गोयल, नरेंद्र बंसल, नीरज, रामनिवास गोयल, सत्यनारायण मित्तल, राजेश जैन, श्रीपाल व अन्य मौजूद रहे।