खरखौदा। गांव खांडा स्थित अपने ईंट भट्ठे से घर लौट रहे ईंट भट्ठा संचालक को बीच रास्ते में रोककर हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर अपनी गाड़ी में बैठकर भाग गए। गंभीर रूप से घायल सिसाना निवासी रोहित को सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पीड़ित के चाचा एवं अनाज मंडी खरखौदा एसोसिएशन प्रधान नरेश दहिया की शिकायत पर खरखौदा थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव सिसाना के रहने वाले नरेश दहिया का कहना है कि उनका खांडा गांव में एक ईंट भट्ठा है। उनके भाई का परिवार भी उनके साथ इकट्ठा ही रहता है। भतीजे रोहित खांडा गांव स्थित ईंट भट्ठे का संभालते हैं, रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे रोहित अपनी स्विफ्ट कार से वाया गांव सेहरी होते हुए सिसाना स्थित घर की तरफ निकले थे। सेहरी-सिसाना मार्ग पर पहुंचने के दौरान एक क्रेटा गाड़ी सवार युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक करते हुए उन्हें ना केवल रोका बल्कि उनपर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसके बाद हमलावर भाग गए। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे और घायल रोहित को इलाज के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत के चलते उन्होंने अपने भतीजे को सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है।