फोटो 05- सोनीपत के कुंडली स्थित निफ्टम में विश्व खाद्य दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अत
राई। कुंडली स्थित राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टम) में बुधवार काे विश्व खाद्य दिवस का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि के रूप में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के अपर सचिव मिन्हाज आलम ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि एसआरएम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. परमजीत एस. जायसवाल और क्रेमिका फूड पार्क प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ डॉ. संजय सिंह परमार पहुंचे। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के सीईओ जीके वर्धन राव कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। निफ्टम के निदेशक डॉ. हरिंदर सिंह ओबरॉय ने अतिथियों का स्वागत कर खाद्य क्षेत्र में निफ्टम की उपलब्धियों, कार्यक्रमों व आधारभूत सुविधाओं से अवगत कराया। मुख्यातिथि मिन्हाज आलम ने कहा कि भारत सरकार खाद्य सुरक्षा और खाद्य बर्बादी के विषय पर बेहद गंभीर है। सरकार की तरफ से अनेक कार्यक्रम क्रियान्वित किए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा में शोध व विकास और स्थानांतरण तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण और प्रबंधन के क्षेत्र में निफ्टम के योगदान की सराहना की। उन्होंने रिमोट बटन दबाकर निफ्टम गीत का अनावरण किया। जीके वर्धन राव ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर कहा कि खाद्य शोध के क्षेत्र में निफ्टम की अहम भूमिका है। निफ्टम आईआईटी व आईआईएम की तरह देश का महत्वपूर्ण संस्थान है। विशिष्ट अतिथि डॉ. परमजीत एस. जायसवाल ने विश्व खाद्य दिवस के इतिहास व उसकी महत्ता से अवगत कराया। डॉ. संजय सिंह परमार ने खाद्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान निफ्टम के छात्र-छात्राओं की तरफ से संस्थान में तैयार खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों व सहयोगी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रशंसा की।