सोनीपत। केएमपी पर यात्रियों को हरियाली के साथ ही अब खिले कमल भी नजर आएंगे। केएमपी का सुंदरीकरण करने के लिए वन विभाग ने परियोजना तैयार की है। जिसके तहत केएमपी पर कई स्थानों पर कमल के फूल लगाने का फैसला किया है। शुरुआती चरण में पिपली टोल के पास पहली साइट तैयार की जाएगी। यह प्रयोग सफल रहता है तो विभिन्न स्थानों पर छोटे-छोटे तालाब बनाकर उनमें कमल के फूल खिलाए जाएंगे।
वन विभाग ने केएमपी का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस पर पौधरोपण अभियान चलाकर एक ग्रीन बेल्ट तैयार करने का निर्णय लिया है। इसके तहत विभिन स्थानों पर सड़क के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न किस्मों के फूलों के पौधे लगाए जाएंगे। इस योजना में कमल के फूलों का भी चयन किया गया है। जिसकी पहली साइट पिपली टोल प्लाजा के पास शुरू की जाएगी। जिसके लिए किसानों से संपर्क किया जा रहा है। पिपली टोल पर तैयार किए जा रहे तालाब में पर्याप्त पानी के लिए किसानों का सहयोग मिलता है तो इस परियोजना को जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि विभाग के पास इस परियोजना के लिए बजट सीमित है। यही कारण है कि पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किसानों से संपर्क किया जा रहा है।
वर्जन सुंदरीकरण को बढ़ावा देते हुए केएमपी पर जल्द ही कमल के विभिन्न किस्मों के फूल खिलखिलाते नजर आएंगे। प्रथम चरण में पिपली टोल प्लाजा के पास कमल लगाने के लिए छोटे-छोटे तालाब बनाए जाएंगे। उसके बाद हाईवे पर अन्य स्थानों पर भी छोटे तालाब बनाकर कमल खिलाए जाएंगे। इन तालाबों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किसानों से बातचीत की जा रही है। किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवैल से कनेक्शन मिलते ही परियोजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। परियोजना के धरातल पर उतरते ही केएमपी की सूरत बदल जाएगी। डॉ. राजेश वत्स, जिला वन अधिकारी, सोनीपत