खरखौदा। गांव सिसाना में स्व. लोकेश कौशिक की पुण्य स्मृति में उनके परिजनों की ओर से नेहरू युवा स्पोर्ट्स क्लब, आर्यव्रत ब्लड कमांडो व आर्यव्रत नारीशक्ति के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। आयोजक मदन कौशिक ने बताया कि लोकेश का जन्म 18 अप्रैल 2007 को हुआ था और 13 मई 2022 को बीमारी के कारण अल्पायु में ही उनका निधन हो गया था। उनकी पुण्य स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। हर किसी को तीन माह में रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान करने से शरीर में खून की कमी नहीं होती। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में तिरंगा युवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष नवीन खांडा पहुंचे और विशिष्ट अतिथि राज्यपाल अवाॅर्डी पारुल दहिया ने महिलाओं को जागरूक करते हुए रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में 10 महिलाओं सहित 70 ग्रामीणों ने रक्तदान किया। इस दौरान राकेश कुमार चांद सिंह, सुरेंद्र, मनीष, प्रदीप, देवेंद्र समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।