राई। नेशनल हाईवे-334 बी स्थित गांव खेवड़ा बाईपास पर कैंटर की चपेट में आने से बाइक सवार सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दोनों बागपत से सोनीपत के बहालगढ़ स्थित फैक्टरी में आ रहे थे। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव बोधा निवासी प्रवीन कुमार ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह बहालगढ़ में स्थित मैट ब्रेक फैक्टरी में सुरक्षाकर्मी है। उनके साथ बागपत के ही गांव लुहारी निवासी रवि कुमार भी सुरक्षाकर्मी था। वे बागपत से बाइक पर ही बहालगढ़ आते-जाते हैं। शनिवार देर शाम वह रवि के साथ बहालगढ़ आ रहा था। जब वह गांव खेवड़ा बाईपास पर पहुंचा तो एक कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। रवि कैंटर में फंस गया। कैंटर चालक उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। बाद में आरोपी कैंटर को वहीं पर छोड़कर फरार हो गया। उसे और रवि को गंभीर चोट आई। रवि को मशक्कत के बाद कैंटर के नीचे से निकाला गया तो उसकी छाती बुरी तरह से फटी हुई थी। राहगीरों ने दोनों को नागरिक अस्पताल, सोनीपत पहुंचाया, जहां पर रवि की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में प्रवीन के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बहालगढ़ थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि कैंटर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।