दयाल चौक के पास स्कूटी सवार रेलवे के सेवानिवृत्त अधिकारी की पत्नी की बाइक सवार झपटमार ने सोने की चेन झपट ली। महिला अपने पति के साथ स्कूटी पर सवार होकर भाजपा नेता दामाद के घर जा रही थी। उनकी नातिन का सोमवार को जन्मदिन था। इस दौरान एक किमी तक झपटमारों का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोपाल नगर निवासी गोपाल कृष्ण ने पुलिस को बताया कि वह रेलवे से सेवानिवृत्त हैं। वह सोमवार को अपनी पत्नी बीना के साथ स्कूटी पर अपने दामाद के घर जा रहे थे। उनके दामाद भाजपा नेता सुरेश कथूरिया हैं। उनकी नातिन का सोमवार को जन्मदिन था। जब वह दयाल चौक के पास डॉ. बुधराम क्लीनिक के सामने पहुंचे तो पीछे से सफेद रंग की अपाचे बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने गोपाल कृष्ण की स्कूटी में साइड मार दी। जिस पर उन्होंने स्कूटी रोक दी। स्कूटी रोकने पर बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उनकी पत्नी बीना देवी की सोने की चेन झपट ली और भाग निकले। इस पर गोपाल कृष्ण ने शोर मचाया और बाइक सवारों का पीछा शुरू कर दिया। वह करीब एक किमी तक रेलवे स्टेशन के सामने तक झपटमारों का पीछा करते रहे। उसके बाद बाइक गलियों में घूमकर झपटमार भाग गए। सुरेश कथूरिया ने बताया कि अपाचे बाइक को चला रहे युवक ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि पीछे बैठे युवक ने सफेद गमछा से चेहरा बांधा हुआ था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक की, जिसमें बाइक सवार भागते दिख रहे हैं।
सोनीपत में लगातार हो रही झपटमारी की वारदात
13 जून को घर के बाहर बैठे आयकर विभाग के अधिकारी के गले से चेन झपटी
22 जून को सेक्टर -23 में महिला के गले से चेन झपटी
3 जुलाई को- घर के बाहर फल खरीद रहे एक्सपोर्टर की चेन झपटी
3 जुलाई को ई-रिक्शा पर जा रही युवती के गले से चेन झपटी
3 जुलाई को सेक्टर में शिक्षिका का मोबाइल व बैग झपटा
8 जुलाई को कच्चे क्वार्टर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के गले से चेन झपटी
15 जुलाई को जिम जा रहे युवक का मोबाइल झपटा
17 जुलाई को डीएवी के पास छात्रा का पर्स व मोबाइल झपटा
23 जुलाई को जीवीएम के सामने महिला के गले से चेन झपटी
28 जुलाई को ओल्ड डीसी रोड पर महिला के गले से चेन झपटी
1 अगस्त को गाय को रोटी देने जा रही महिला की चेन झपटी
9 अगस्त को सीआईएसएफ के एसआई की पत्नी की चेन झपटी
बाइक सवार झपटमारों द्वारा चेन झपटने की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द झपटमारों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। -इंस्पेक्टर सवित कुमार, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत