सोनीपत। जीवन विहार में बाइक सवार दो युवक स्कूटी पर घर जा रही महिला के गले से सोने की चेन झपटकर भाग गए। महिला कपड़ा मार्केट से अपने घर जा रही थी। सूचना के बाद पहुंची सेक्टर-27 थाना पुलिस ने झपटमारी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। जीवन विहार की गली नंबर-7 निवासी गीता ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया वह मंगलवार दोपहर को कपड़ा मार्केट में गई थी। वहां से वह स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान दो युवक नीले रंग की बाइक लेकर आए। स्कूटी की गति कम करते ही बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। मंगलवार सुबह भी बाइक सवार झपटमारों ने जीवन विहार निवासी मनोज देवी के गले से सोने की चेन झपट ली थी। घर में दुकान चलाने वाली मनोज देवी से युवक सिगरेट लेने आया था। उसके बाद चेन झपटकर भाग गया था।