गन्नौर। खेड़ी गुज्जर-बिलंदपुर रोड पर ईको वैन की टक्कर से घायल एक बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत हो गई। गन्नौर थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
गांव नयाबांस फिलहाल बिलंदपुर निवासी नितिश ने बताया कि 27 सितंबर को वह व अपने पिता रामचंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर खेड़ी गुज्जर गांव से बिलंदपुर लौट रहे थे। इस दौरान सामने से आ रही ईको वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद वह पिता को गाड़ी में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गन्नौर लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने पिता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान पिता रामचंद्र ने 30 सितंबर को दम तोड़ दिया। पुलिस ने ईको वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। संवाद