खरखौदा। सिसाना-गोहाना मार्ग पर सिलाना गांव के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति और उनका साला गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान फरमाणा निवासी रमेश की मौत हो गई। फरमाणा निवासी धर्मराज की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मराज का कहना है कि उनका छोटा भाई रमेश दिल्ली के नांगलोई में वेल्डिंग का काम करता था। उनके जीजा सोनीपत निवासी सुरेंद्र भी उनके पास आए हुए थे। सोमवार को भाई रमेश व जीजा सुरेंद्र बाइक लेकर किसी काम से खरखौदा गए थे। जब वह काम निपटाकर गांव फरमाणा लौट रहे थे तो सिसाना से फरमाणा मोड़ पर उसने दोनों को खरखौदा की तरफ से आते हुए देखा। जिसके बाद तीनों घर की तरफ चल पड़े। जीजा और भाई बाइक पर आगे चल रहे थे। जब वह सिलाना गांव से कुछ आगे निकले तो सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। चालक अपनी कार को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। जिसके बाद दोनों ही घायलों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में लाया गया। वहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। जहां रमेश की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र का इलाज चल रहा है।
सिलाना गांव के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। साथ ही उसके जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मृतक के भाई धर्मराज की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - मयंक गुप्ता, एएसपी खरखौदा