समालखा। जीटी रोड पर सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। सोनीपत स्थित गन्नौर कस्बे के अंतर्गत अटायल गांव के सतपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है। वह शनिवार को अपनी रिश्तेदारी में सुरेंद्र निवासी समालखा के साथ बाइक पर गया था। वह अनाज मंडी से समालखा की तरफ जीटी रोड से साइड में लगते सर्विस रोड की तरफ जा रहा था। उस समय बाइक सुरेंद्र चला रहा था और वह पीछे बैठा था। वे जैसे बस अड्डा समालखा के पास पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रहे गाड़ी चालक ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में सुरेंद्र की मौके पर मौत हो गई और वह घायल हो गया। उसको उपचार के लिए समालखा के सरकारी अस्पताल लेकर आए। समालखा थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया। इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।