सोनीपत। मुरथल रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही पुलिस ने एक बाइक सवार पर हंगामा करने व वर्दी फाड़ने की आरोप लगाया है। पुलिस ने उसकी बाइक को इम्पाउंड करते हुए 14 हजार का चालान किया है। एएसआई अनिल ने बताया कि वह एसपीओ रमेश और होमगार्ड जवान रवि के साथ मुरथल रोड पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना हेलमेट आए बाइक सवार को रोक लिया। बाइक की प्लेट से नंबर भी गायब थे। कागजात मांगने पर उसने बहस शुरू कर दी। उसके बाद वह हंगामा करने लगा। पुलिस ने उसकी बाइक को इंपाउंड कर चालान कर दिया है। एएसआई अनिल का आरोप है कि युवक ने पुलिस से हाथापाई की। पुलिसकर्मी छोड़ने लगे तो वह धक्का-मुक्की करने लगा और वर्दी पर हाथ डाल दिया। बाद में भीड़ का फायदा उठाकर निकल गया। पुलिस की जांच में पता लगा कि बाइक असावरपुर के सुनील के नाम है। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।