राई (सोनीपत)। दिल्ली से आए बाइक सवार युवक को टक्कर मारने का आरोप लगा रुकवाने के बाद उनसे आभूषण ठग लिए गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत कुंडली थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।
नई दिल्ली के पंजाबी बाग स्थित मादीपुर निवासी अश्विनी धवल ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह रविवार को बाइक पर काम के सिलसिले में राई एजुकेशन सिटी स्थित विश्वविद्यालय में आने के लिए चले थे। जब वह कुंडली क्षेत्र में पहुंचे तो एक युवक ने उनकी बाइक को रुकवा लिया। उसने आरोप लगाया कि आपने उनकी बहन को टक्कर मारी है जिससे उनकी बहन को चोट लगी है। उसने कहा कि उनके परिवार के सदस्य आ रहे हैं। इतना कहने के बाद वह उनकी बाइक पर सवार हो गया। उसके बाद उसने आगे चलने को कहा।
युवक उन्हें लेकर प्याऊ मनियारी रोड के पास से मार्केट वाली गली में ले गए। वहां पर युवक ने उसे बातों में उलझा लिया। युवक ने झांसे में लेकर उनकी सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी और दो चांदी की अंगूठी युवक को दे दी। युवक कुछ देर में आने की बात कहकर चला गया। इसके बाद युवक नहीं लौटा। इंतजार करने के बाद उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। कुंडली थाना पुलिस ने जांच के बाद अमानत में खयानत व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।