गन्नौर। अगवानपुर फाटक के पास रेलवे लाइन पार कर रहा एक बाइक सवार बठिंडा एक्सप्रेस को आता देख ट्रैक पर बाइक छोड़कर भाग गया। जिससे बाइक ट्रेन की चपेट में आकर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि ग्रामीण की जान बच गई। सूचना पर गन्नौर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को ट्रेन से आगे से निकाला। इस दौरान बठिंडा एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक खड़ी रही।
अगवानपुर फाटक पर वीरवार शाम करीब 6.30 बजे एक बाइक सवार रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी दिल्ली से पानीपत की तरफ जा रही बठिंडा एक्सप्रेस आ गई। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 4:30 घंटे की देरी से चल रही थी। ट्रेन को आता देख बाइक सवार बाइक छोड़कर भाग गया। जिससे बाइक ट्रेन के इंजन के नीचे फंस गई। जिससे ट्रेन करीब 25 मिनट तक खड़ी रही। मौके पर पहुंची जीआरपी व रेल कर्मियों ने बाइक को ईंजन से निकाला और ट्रेन को पानीपत की तरफ रवाना किया। ट्रेन चलने के बाद ही यात्रियों को राहत मिली। बाइक सवार युवक का पता नहीं लग पाया। जीआरपी युवक के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है।