सोनीपत। गांव गढ़ी झंझारा निवासी चांद ने बताया कि वह बादशाही रोड स्थित एक वेयर हाउस में नौकरी करते हैं। रात करीब 10 बजे वह कंपनी से अपनी बाइक पर घर लौट रहे थे। रात साढ़े 10 बजे के आसपास जब वह रेलवे लाइन के नीचे बनी पुलिया नंबर-92 के पास पहुंचा तो उसके नीचे से निकलने के लिए अपनी बाइक धीमी की। इस दौरान उसके दोनों तरफ से 4-5 लड़के अपने हाथों में क्रिकेट की स्टंप लिए हुए आए। एक लड़के ने उसके सिर पर क्रिकेट स्टंप से वार किया। जबकि दूसरे ने उसकी कमर में स्टंप मारी। आरोपियों ने उसे घायल करने के बाद उसकी बाइक व मोबाइल लूट लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जीआरपी ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।