संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव गढ़ी बाला स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर स्कूल के मुख्य गेट और कमरों के ताले तोड़कर सोलर सिस्टम की 10 बैटरियां चोरी कर ले गए। एल्डिको काउंटी निवासी प्राचार्य सुरेंद्र सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह 28 अक्तूबर को स्कूल के मुख्य गेट और कमरों पर ताले लगाकर गए थे। अगले दिन स्कूल पहुंचे तो ताले टूटे मिले। जांच करने पर सोलर सिस्टम में लगी 10 बैटरियां गायब मिलीं। उन्होंने बताया कि स्कूल में कोई चौकीदार भी तैनात नहीं है। उन्होंने अपने स्तर पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन जानकारी नहीं मिल सकी। जिस पर कुंडली थाना पुलिस को अवगत कराया। थाना प्रभारी रवि ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।