खरखौदा। दिल्ली मार्ग पर शुक्रवार को सवारियों से भरी एक बस संतुलन बिगड़ने से कार व ऑटो से जा टकराई। हालांकि समय रहते चालक ने बस के ब्रेक लगा दिए अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई है। मौके पर एकत्रित भीड़ ने पलटे ऑटो को सीधा किया।
दिल्ली से शुक्रवार सुबह सवारियां लेकर खरखौदा आ रही डबल डैकर बस जब पाई माइनर के पास पहुंची तो अचानक संतुलन खोते हुए गलत दिशा में जाकर सड़क किनारे खड़ी एक कार से जा टकराई। इस दौरान खरखौदा से दिल्ली की तरफ जा रहा एक ऑटो भी इसकी चपेट में आ गया। बस की टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया। गनीमत रही कि उसमें चालक के अलावा कोई नहीं था। हादसे में चालक को भी मामूली चोटें आई हैं। राहगीरों ने ऑटो को सीधा कर चालक को संभाला, जबकि बस चालक मौके से भाग गया। बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे। वहीं सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट कार में भी चालक मौजूद नहीं था। हादसे में कार व ऑटो क्षतिग्रस्त हुए हैं।
थाना प्रभारी अंकित कुमार का कहना है कि सड़क हादसे की सूचना थाने में आई थी, लेकिन किसी के चोटिल होने की खबर नहीं है। अभी तक कोई लिखित शिकायत भी नहीं मिली है।