जन्माष्टमी पर इस बार अर्द्धरात्रिव्यापिनी अष्टमी तिथि, रोहिणी नक्षत्र व वर्ष के चंद्रमा के दुर्लभ योग के साथ ही सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है। ज्योतिषाचार्य की माने तो ऐसा शुभ संयोग 30 साल बाद बन रहा है। यह श्रद्धालुओं के लिए शुभ रहने वाला है।
चिटाना वाली माता मंदिर के पुजारी पंडित अमित शौनक ने बताया कि भाद्रपद मास की कृष्ण पक्ष की अष्टमी को जन्माष्टमी मनाई जाती है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी रोहिणी नक्षत्र के योगयुक्त होने पर जयंती योग कहलाती है। इसमें बुधवार या सोमवार का योग आ जाए तो वह अत्यंत फलदायी होती है।
उन्होंने बताया कि देवी दयाल पंचांग के अनुसार आधी रात के समय रोहिणी में यदि अष्टमी तिथि मिल जाए तो इस समय श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना करने से तीन जन्मों के पाप कट जाते हैं। यह अवसर 6 सितंबर को मिलेगा। जन्माष्टमी पर लोग पूरे दिन व्रत रखते हैं और रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का जश्न मनाते हैं।
उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी तिथि की शुरुआत 6 सितंबर को दोपहर 3 बजकर 37 मिनट पर होगी और समापन 7 सितंबर को शाम 4 बजकर 14 मिनट पर होगा। वहीं जन्माष्टमी पर मध्य रात्रि में पूजा का समय 6 सितंबर की रात्रि 12 बजकर 02 मिनट से लेकर 12 बजकर 48 मिनट तक रहेगा।
पंडित शौनक ने बताया कि कान्हा का जन्म रोहिणी नक्षत्र में मध्य रात्रि में हुआ था। 6 सितंबर को भी रोहिणी नक्षत्र की शुरुआत सुबह 9 बजकर 20 मिनट से हो रही है। अगले दिन 7 सितंबर को सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर इसका समापन होगा, इसलिए इस बार जन्माष्टमी का पर्व 6 सितंबर को ही मनाया जाएगा। वहीं जन्माष्टमी व्रत का पारण 7 सितंबर को सुबह 6 बजकर 02 मिनट या शाम 4 बजकर 14 मिनट के बाद किया जा सकेगा।
मंदिरों में दो दिन रहेगी धूम
जन्माष्टमी पर्व को लेकर मंदिरों में दो दिन धूम रहेगी। दोनों दिन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नरेंद्र नगर में स्थित शिव मंदिर में जन्माष्टमी पर पूजा-अर्चना के लिए विशेष तौर पर 56 भोग तैयार किए जाएंगे। मंदिर में 6 सितंबर को रात 8 से लेकर 10 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 7 सितंबर को शाम 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक भजन कीर्तन और प्रसाद वितरण किया जाएगा।