गोहाना (सोनीपत)। गांव मुंडलाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में देर रात तीन युवक घुस आए। उन्होंने प्रसूति विभाग में तैनात नर्सिंग ऑफिसर व दो अन्य महिला कर्मियों से अभद्रता की। नर्सिंग ऑफिसर को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर सुरक्षाकर्मियों को पीटा। शोर शराबा होने पर आरोपी भाग गए। नर्सिंग ऑफिसर के बयान पर सदर थाना गोहाना पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, छेड़खानी, मारपीट, अपहरण का प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मुंडलाना सीएचसी में नियुक्त नर्सिंग ऑफिसर ने सदर थाना गोहाना पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात को वह और चतुर्थ श्रेणी कर्मी व स्वीपर ड्यूटी पर थीं। गेट पर गार्ड था। रात एक बजे बाइक सवार तीन युवक सीएचसी में पहुंचे। उन्होंने आते ही मुख्य गेट को लात मारकर खोल दिया और सुरक्षा गार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद तीनों अंदर आए और प्रसूति विभाग में आकर कमरे के दरवाजे को लात मारकर तोड़ दिया। दो अन्य महिलाकर्मियों के साथ गाली-गलौज कर छेड़खानी शुरू कर दी। उसने विरोध जताया तो वे उसे जबरन उठाकर ले जाने लगे। शोर मचाने पर सीएचसी के अन्य कर्मचारी मौके पर आ गए। युवकों ने खुद बताया कि वह गांव मुंडलाना निवासी जोगिंद्र उर्फ निक्का, आकाश व जितेंद्र हैं। इसके बाद युवक भाग निकले। इस मामले से अधिकारियों को अवगत कराया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने मामले की शिकायत पुलिस को दिलवाई।
वर्जन
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घुसकर तीन युवकों ने स्टाफ के साथ मारपीट व अभद्रता की है। पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
-डॉ. राजेश, वरिष्ठ, चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुंडलाना।