गोहाना (सोनीपत)। खानपुर कलां स्थित भगत सिंह फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज के छात्रावास की पहली मंजिल पर एमडी प्रथम वर्ष की छात्रा का शव फंदे पर लटकता मिला। देर रात परिजनों ने जब छात्रा के मोबाइल पर कॉल की तो संपर्क नहीं हो सका था। इस पर उनकी सहेली को कॉल कर कमरे पर भेजा तो मामले का पता लगा। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने खानपुर कलां थाना महिला पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज में हिसार जिले के सातरोड खुर्द की रहने वाली मनीषा एमडी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। मनीषा तीन महीने पहले ही खानपुर कलां में आई थी। वह कमरा नंबर 11 में अकेले रहती थी। शुक्रवार को देर रात करीब 10 बजे मनीषा की बात परिजनों से हुई थी। उसके बाद कॉल डिस्कनेक्ट हो गई। बताया गया है कि इस पर परिजनों ने मनीषा की सहेली को कॉल कर उसे मनीषा के कमरे पर जाकर बात कराने को कहा। जब सहेली कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। इस पर सहेली ने सुरक्षाकर्मियों को बुलाया। सुरक्षाकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो छात्रा का शव पंखे पर फंदे से लटका था। जिस पर परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खानपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पहुंचाया। जहां शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जा सका। छात्रा के फंदा लगाने के मामले में पुलिस ने निवारक कार्रवाई की है। छात्रा के जान देने के कारणों का पता नहीं लग सका है।
वर्जन
देर रात बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में छात्रा का शव फंदे पर लटका मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी गई। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।-हरिकिशन, जांच अधिकारी, महिला थाना, खानपुर कलां।