सोनीपत। रोहतक के बहुअकबरपुर थाना में दर्ज अवैध शस्त्र अधिनियम के मामले में आरोपी को पकड़ने आई सीआईए रोहतक की टीम पर आरोपी और उसके परिजनों ने हमला कर दिया। पुलिस कर्मियों की वर्दी पर भी हाथ डाला गया। आरोपी पुलिस से खुद को छुड़ाने के बाद धमकी देकर भाग गया। सीआईए रोहतक टीम के एएसआई ने पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
एएसआई दिनेश कुमार ने मोहाना थाना पुलिस को बताया कि वह एएसआई संत कुमार तथा अपनी टीम के साथ गांव मोहाना में अवैध शस्त्र अधिनियम के मामले में हथियार बेचने के आरोपी को पकड़ने गए थे। रोहतक के बहुअकबरपुर थाना में दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार आरोपी ने बताया था कि उसने हथियार सुनील से खरीदा था। पुलिस टीम उसे पकड़ लिया था। इसी बीच आरोपी ने आवाज देकर अपने परिवार की महिलाओं व अन्य को बुला लिया। इस पर दो महिला, एक लड़की तथा तीन-चार व्यक्ति आ गए। सुनील के कहने पर उन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जिसमें वह तथा संत कुमार घायल हो गए। उन्होंने वर्दी के बटन तोड़ने के साथ नेम प्लेट तोड़ दी। बाद में आरोपी सुनील मारपीट करने के बाद खुद को छुड़ा लिया और धमकी देकर भाग गया। इस बारे में उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। सीआईए रोहतक की टीम ने मोहाना थाना में सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।