खरखौदा। विधानसभा चुनाव के तहत खरखौदा हलके में मतदान के तहत शनिवार को मिला जुला माहौल देखने को मिला। कई बूथ जहां खाली दिखाई दिए, वहीं कई बूथ ऐसे भी रहे जिन पर पूरा दिन ही भीड़ लगी रही। इसके कारण मतदाताओं को अपनी बारी के लिए काफी देर तक लाइनों में लगे रहना पड़ा।
विधानसभा चुनाव के तहत हलके में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कुछ बूथों पर सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा, कई जगहों पर मतदाताओं की भीड़ नजर आई। भीड़ वाले केंद्रों पर मतदाताओं को लंबी कतारों में लंबे समय तक मतदान के लिए इंतजार करना पड़ा। कई इलाकों के बूथों पर अपेक्षाकृत कम मतदान हुआ, जबकि शहर के कई इलाकों में सुबह से ही लोगों का उत्साह देखते ही बना। कुछ बूथों पर मतदान धीमा होने के कारण मतदाताओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। वहीं, कई स्थानों पर मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रही। इससे लोग समय पर अपना वोट डालने में सफल रहे। खरखौदा हलके में मतदान 62.0 फीसदी हुआ।