सोनीपत। एशियाई ओलंपिक क्वालिफायर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने और देश को ओलंपिक का कोटा दिलाने के लिए 17 पहलवानों ने जमकर पसीना बहाया है। किसी ने प्रतियोगिता के लिए देश में रहकर तैयारी की तो किसी ने टॉप्स के माध्यम से विदेशी धरती पर जमकर अभ्यास किया है। प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाले पहलवान पेरिस ओलंपिक का टिकट कटा सकेंगे।
किर्गिस्तान के बिश्केक में एशियाई ओलंपिक क्वालिफायर कुश्ती प्रतियोगिता 19 से 21 अप्रैल तक होनी है। जिसके लिए 10 व 11 मार्च को सोनीपत साई में ट्रायल लेकर टीम का चयन किया गया था। हालांकि प्रतियोगिता में चयन के बाद भी नेशनल शिविर नहीं लग सका था। इसके चलते ज्यादातर पहलवानों ने प्रतियोगिता के लिए अपने स्तर पर ही पसीना बहाया है। पिछले दिनों गांव पुगथला के नवीन, झज्जर के गांव छारा के दीपक पूनिया और चरखी दादरी के इमलोटा के सुजीत रूस में अभ्यास करने गए थे। सभी पहलवानों ने प्रतियोगिता के लिए कड़ा अभ्यास किया है। इसमें पहलवानों ने नए दांव पेच के साथ ही पुराने दांव पर भी अभ्यास किया है।
ओलंपिक क्वालिफायर प्रतियोगिता में दीपक पूनिया, अमन सहरावत, विनेश फोगाट, अंशु मलिक, नवीन व सुनील से खासी उम्मीद हैं। पहलवानों का राष्ट्रीय शिविर नहीं लगने से पहलवानों ने अपने स्तर पर की तैयारी का कितना फायदा मिलेगा यह तो प्रतियोगिता में मुकाबलों के दौरान दिख सकेगा।
यह पहलवान टिकट लाने हुए रवाना
महिला वर्ग : विनेश फोगाट (सोनीपत, 50), अंशू मलिक (जींद, 57), मानसी (रोहतक, रेलवे से खेलती हैं, 62), निशा (रोहतक, रेलवे से खेलती हैं 68) और रितिका (रोहतक, सेना की तरफ से खेलती हैं 76) शामिल है।
फ्री स्टाइल वर्ग
57 किलोग्राम में हरियाणा के झज्जर निवासी अमन, 65 किलोग्राम भारवर्ग में हरियाणा के चरखी दादरी के सुजीत, 74 किलोग्राम में हरियाणा के सोनीपत निवासी जयदीप, 86 किलो मे सेना की और से खेलने वाले हरियाणा के झज्जर निवासी दीपक पूनिया, 97 किलो में सेना से खेलने वाले हरियाणा के दीपक, 125 किलोग्राम भारवर्ग में हरियाणा के झज्जर निवासी सुमित शामिल हैं।
ग्रीको रोमन वर्ग
60 किलो में चंडीगढ़ से खेलने वाले झज्जर के सुमित, 67 किलो में रेलवे से खेलने वाले सोनीपत के आशु, 77 किलोग्राम में रेलवे से खेलने वाले हरियाणा के झज्जर निवासी विकास, 87 किलो में रेलवे से खेलने वाले हरियाणा के सोनीपत निवासी सुनील, 97 किलो में रेलवे से खेलने वाले हरियाणा के नितेश, 130 भारवर्ग में सेना से खेलने वाले हरियाणा के सोनीपत के नवीन शामिल है।