सोनीपत। गांव फरमाणा के पास डंपर की चपेट में आने से हरियाणा पुलिस के एएसआई की मौत हो गई। वह रोहतक के शिवाजी थाने में तैनात थे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मृतक के बहनोई के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।रोहतक के गांव किलोई निवासी कप्तान सिंह ने खरखौदा थाना पुलिस को बताया कि उनके साले गन्नौर के गांधी नगर निवासी सुभाष रोहतक के शिवाजी थाना में एएसआई थे। शुक्रवार को वह बाइक पर सवार होकर रोहतक से फरमाणा आ रहे थे। वह भी उनके पीछे दूसरी बाइक पर आ रहा था। जब वह गांव फरमाणा की ड्रेन के पास पहुंचे तो फरमाणा गांव की तरफ से आए मिट्टी से भरे डंपर ने सुभाष की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। उन्होंने अपने साले को संभाला, पर उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुभाष के दो बेटे हैं। उनके बड़ा बेटा पढ़ाई कर रहा है, जबकि छोटा बेटा निजी कंपनी में नौकरी करता है।