गोहाना। गांव जोली निवासी अनुज देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक दिलाने का लक्ष्य लेकर प्रतिदिन करीब पांच से छह घंटे बॉक्सिंग रिंग में पसीना बहाते हैं। अनुज पांच साल से सोनीपत रोड स्थित गोहाना बॉक्सिंग क्लब में मुक्केबाजी के गुर सीख रहे हैं। अनुज अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए रोजाना करीब 30 किलोमीटर का सफर तय कर तैयारी करने जाते हैं।
बॉक्सर अनुज ने बताया कि वह पहले पहलवानी करते थे और कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर के पहलवान रह चुके हैं। साल 2017 में दोस्तों को देखकर मुक्केबाजी शुरू की। उनके पिता का सपना था कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीते। अनुज के पसंदीदा खिलाड़ी मुक्केबाज माइक टायसन हैं। प्रशिक्षक विकास मलिक ने बताया कि अनुज एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। वह रोजाना अपने अभ्यास को पुरी लगन व मेहनत के साथ करते हैं। अनुज अब राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने के लिए बेकरार हैं।
यह हैं उपलब्धियां
अनुज ने वर्ष 2018 में जिला स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। वर्ष 2020 में राज्य स्तरीय बाॅक्सिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। वहीं इस साल राष्ट्रीय आरईसी मुक्केबाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता व राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागिता की थी।