सोनीपत। एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को अब रोडवेज बसों में निशुल्क सफर की सुविधा मिलेगी। इसके लिए रोडवेज की तरफ से पात्र जिले के करीब एक लाख परिवारों के होली के बाद हेप्पी कार्ड बनाए जाएंगे। इस पर वह रोडवेज की बसों में एक साल में एक हजार किलोमीटर तक निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। रोडवेज अधिकारियों की मानें तो बस अड्डे पर होली के बाद हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हेप्पी) कार्ड बनाने के लिए खिड़की शुरू की जाएगी। कार्ड बनवाने के लिए पात्रों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
प्रदेश सरकार ने एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने की योजना शुरू की है। जिले में करीब एक लाख परिवार ऐसे हैं, जो इस योजना के अंतर्गत आते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र व्यक्ति को पहले कॉमन सर्विस सेंटर (सीएचसी) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पंजीकरण के बाद आवेदक के मोबाइल नंबर पर एक संदेश आएगा। बस अड्डे पर पंजीकरण नंबर के आधार पर संदेश दिखाकर हेप्पी कार्ड लिया जा सकता है। जिसके लिए पात्र व्यक्ति को 50 रुपये शुल्क वहन करना होगा। कार्ड बनने के बाद पात्र व्यक्ति एक साल में एक हजार किलोमीटर तक निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
परिचालक शून्य किराये की देंगे टिकट
रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि ई-टिकटिंग मशीनों में भी हेप्पी कार्ड को अपलोड कर दिया है। परिचालकों को हेप्पी कार्ड दिखाना होगा। जिस पर परिचालक शून्य किराये का टिकट बनाकर देगा। विभाग की तरफ से इस संबंध में चालक व परिचालकों को भी अवगत कराया गया है, वहीं परिचालकों को ई-टिकटिंग मशीन से शून्य का टिकट बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है।
अंत्योदय श्रेणी में आने वाले परिवारों के हेप्पी कार्ड बनाए जाएंगे। होली के बाद कार्ड बनाने के लिए खिड़की शुरू कर दी जाएगी। जिसके लिए लगभग तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पात्र व्यक्ति योजना का लाभ कैसे उठा सकते हैं, इसके लिए नोटिस भी चस्पा किया गया है।
सुरेंद्र दुग्गल, एसएस, रोडवेज डिपो, सोनीपत