संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में भले ही जिले ने गत वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है, लेकिन वह मुख्यालय के दिए लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाया है। 82.70 फीसदी परिणाम आने के बाद भी जिला प्रदेश में एक पायदान लुढ़क कर 19वें पायदान पर रहा है। ऐसे में शिक्षा विभाग ने सभी राजकीय विद्यालयों से परीक्षा परिणाम की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्राचार्यों को सोमवार तक जिला मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से मार्च माह में आयोजित 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में जिले 14247 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें से 11782 विद्यार्थी पास हुए जबकि 1971 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है। वहीं 494 विद्यार्थी फेल हुए हैं। हालांकि पिछले साल से 3.62 फीसदी परिणाम सुधरा है, फिर भी जिला एक पायदान नीचे लुढ़क कर प्रदेश भर में 19वें स्थान पर रहा। जबकि गत वर्ष जिला 18वें पायदान पर था। हालांकि शिक्षा विभाग ने 10 फीसदी परीक्षा परिणाम सुधारने का लक्ष्य रखा था, लेकिन जिला परिणाम में 3.62 फीसदी का ही सुधार कर पाया है।
समीक्षा कर सुधार का करेंगे प्रयास
शिक्षा अधिकारियों के अनुसार परीक्षा परिणाम सुधारने में कहां कमी रह गई। इसकी समीक्षा की जाएगी। इसके लिए सभी राजकीय स्कूलों से परिणाम की रिपोर्ट मांगी गई है। सभी स्कूलों को जिला मुख्यालय पर सोमवार तक रिपोर्ट जमा करवानी होगी। इसके बाद यह देखा जाएगा कि किन स्कूलों का परिणाम खराब रहा है, उसके कारणों की समीक्षा कर जवाब मांगा जाएगा। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही मिली खामियों को दूर कर परिणाम सुधारने पर फोकस किया जाएगा।
रिपोर्ट में यह देनी होगी जानकारी
-स्कूल में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की संख्या
-बोर्ड परिणाम में कितने विद्यार्थियों ने मेरिट प्राप्त की, कितनों की कंपार्टमेंट आई और कितने फेल हुए
-स्कूल में 70 फीसदी से कम, 70 से 80 फीसदी, 80 से 90 फीसदी, 90 से 95 फीसदी व 95 फीसदी से अधिक अंकों के स्लैब अनुसार परिणाम देना होगा
-किस विषय का कितना परिणाम रहा
वर्जन
12वीं कक्षा का परिणाम गत वर्ष के मुकाबले बेहतर रहा है। इसे और बेहतर किया जा सकता है। इसके लिए सभी स्कूलों से परीक्षा परिणाम की रिपोर्ट सोमवार तक मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर समीक्षा की जाएगी और खराब परिणाम देने वाले स्कूलों से जवाब भी मांगा जाएगा। कहां क्या कमी रह गई, उसकी समीक्षा कर दूर करने का प्रयास करेेंगे। नए सत्र में कमजोर परिणाम देने वाले स्कूलों पर पूरा फोकस रहेगा।-नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत