फोटाे 29. सोनीपत के जिला नागरिक अस्पताल में एनीमिया मुक्त अभियान के शुभारंभ पर एनीमिया की जांच
सोनीपत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 100 दिन तक चलने वाले एनीमिया मुक्त अभियान की शुरुआत की गई। इसका शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार को रिब्बन काटकर किया। अभियान के पहले दिन 3757 बच्चे, किशोर, युवा, पुरुष व महिला, बुजुर्ग के खून के नमूने लेकर एनीमिया की जांच की। इस दौरान 48 में खून की कमी मिली। इस पर स्वास्थ्य कर्मियों ने बड़ों को आयरन फोलिक एसिड की गोलियां वितरित की और बच्चों को सिरप वितरित किया गया।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि एनीमिया मुक्त अभियान को लेकर जिलेभर में ग्रामीण व शहरी स्तर पर टीमों का गठन किया जा चुका है। अभियान के तहत पीएचसी, सीएचसी, नागरिक अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्रों व औद्योगिक क्षेत्रों में 4552 शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा फील्ड स्टाफ गांव स्तर पर स्क्रीनिंग टेस्ट भी करेगा। 7 से कम का मान गंभीर एनीमिया की श्रेणी में आता है। अगर किसी में खून की कमी मिलती है तो उसको तुरंत जिला अस्पताल के लिए रेफर किया जाएगा।
एनीमिया मुक्त अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. अनविता कौशिक ने बताया कि पहले दिन 3757 बच्चे, किशोर, युवा, पुरुष व महिला, बुजुर्ग ने एनीमिया जांच कराई। इस दौरान 6 माह से 5 साल तक आयु के 539 बच्चों, 6-9 वर्ष तक की आयु के 426 बच्चों, 10-19 साल तक की आयु के 593 बच्चों, किशोरों ने एनीमिया जांच कराई। इसके अलावा 20-49 वर्ष तक की आयु के 888 लोगों व महिलाओं, 294 गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाले 74 महिलाओं व 50 वर्ष से ज्यादा उम्र के 936 लोगों ने अपनी खून की जांच कराई। शिविर के शुभारंभ पर उप सिविल सर्जन डॉ. गीता दहिया, डॉ. गिन्नी लांबा, डॉ. नीरज यादव, डॉ. स्वराज चौधरी, डॉ. जितेंद्र, डॉ. भानू, डॉ. ज्योत्सना व डॉ. अनीता मौजूद रहे।