गन्नौर। रजिस्ट्री के नाम पर भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने के बाद विधायक निर्मल चौधरी के निरीक्षण के बाद कुछ रजिस्ट्रियों में गड़बड़ी मिली थी। जिसके बाद नायब तहसीलदार को गन्नौर से हटा कर चंडीगढ़ मुख्यालय में वित्तायुक्त कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। अब मामले में तहसीलदार के साथ ही नपा अधिकारियों को भी जांच में लगाया है।
एसडीएम डॉ. अनुपमा मलिक ने आदेश दिए हैं कि नगरपालिका सचिव प्रदीप खर्ब भी अब उन सभी रजिस्ट्रियों की गहनता से जांच करेंगे। सोमवार को नगरपालिका सचिव प्रदीप खर्ब, पालिका अभियंता राहुल मोर तथा तहसीलदार मनोज कुमार के साथ रजिस्ट्रियों की जांच का कार्य शुरू कर देंगे। वह नगरपालिका की सीमा में की गई रजिस्ट्रियों की जांच करेंगे। नगरपालिका के पास ऐसी कॉलोनियों का पूरा डाटा उपलब्ध है जिनमें वह एनओसी जारी नहीं कर सकती और बगैर एनओसी तहसील में रजिस्ट्रियां नहीं की जा सकती।