सोनीपत। शिक्षा अधिकार अधिनियम (आरटीई) के अंतर्गत निजी स्कूलों में दाखिल किए गए बच्चों से पैसे लेने का मामला सामने आया है। कुछ अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि बच्चों से परीक्षा व अन्य चार्ज के नाम पर दो-दो हजार रुपये लिए गए हैं। अभिभावकों ने इसकी शिकायत शिक्षा विभाग के अधिकारियों से की है। छात्र अभिभावक संघ की अध्यक्ष प्रवेश कुमारी ने बताया कि आरटीई के तहत निजी स्कूलों में बच्चों का दाखिला निशुल्क होता है। इस योजना के तहत निजी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों का खर्च सरकार वहन करती है। जबकि कुछ स्कूल अभिभावकों से दाखिले के नाम पर रुपये वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों के दाखिले आरटीई के तहत करवाए गए हैं, वह सभी आर्थिक रूप से कमजोर है। जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया का कहना है कि आरटीई के तहत पात्र बच्चों के दाखिले निशुल्क करने होते हैं। यदि कोई स्कूल इसके लिए शुल्क मांगता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।