सोनीपत। स्प्रेड स्माइल फाउंडेशन की तरफ से संचालित निशुल्क पाठशाला में पढ़कर छात्रा अलीशा ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा में 95 फीसदी अंक प्राप्त कर टॉप किया है। इसके अलावा रिहान ने 92 फीसदी, रोहित ने 83 फीसदी, भूमिका 81 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। बोर्ड परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त कर 10वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों का फाउंडेशन की तरफ से नकद पुरस्कार देकर हौसला बढ़ाया गया।
स्प्रेड स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक नितिन जैन ने बताया कि संस्था पांच वर्ष से कई स्थानों पर निशुल्क पाठशाला के माध्यम से बच्चों को शिक्षा, कला व संस्कार दिए जा रहे हैं। यह सभी कार्य स्वयंसेवक कर रहे हैं। करीब 1500 से अधिक बच्चे इसका लाभ ले चुके हैं। उन्होंने बताया कि संस्था की तरफ से चलाई जा रही निशुल्क पाठशालाओं से जरूरतमंद विद्यार्थियों का जीवन संवर रहा है। स्प्रेड स्माइल फाउंडेशन की निशुल्क कक्षा में पढ़ाई करने वाली अलीशा शहर के मुरथल अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ती है। नितिन जैन ने बताया कि अलीशा व रिहान की आर्थिक स्थिति कमजोर है। बच्चों की सफलता का श्रेय उन्हें पढ़ाने वाले सदस्य महावीर अग्रवाल, तान्या मल्होत्रा, रमन पंचाल, डॉ. आरके गुप्ता, मीनाक्षी गुप्ता, प्रोमिला, सोनिया को जाता है। संस्थापक सदस्य रमेश जैन, प्रवीण जैन, मीनू अग्रवाल, प्रियंका, डॉ. सुरेश जैन ने सफल बच्चों को बधाई दी है।
।