गोहाना। मोबाइल का बढ़ता इस्तेमाल, ऑनलाइन गेमिंग और नशे की प्रवृत्ति युवाओं के व्यवहार और जीवनशैली को प्रभावित कर रही है। इसी विषय पर गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग में मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को मोबाइल की लत, ऑनलाइन गेमिंग और नशे के वैज्ञानिक एवं नैतिक पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डॉ. गुलशन कुमार ने बताया कि मोबाइल पर बार-बार नोटिफिकेशन देखना, लगातार रील्स स्क्रॉल करना और ऑनलाइन गेमिंग करना मस्तिष्क को बार-बार नए अनुभव और त्वरित आनंद का संकेत देते हैं। नशीले पदार्थ भी मस्तिष्क की इसी प्रणाली को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल गतिविधियों के प्रति संतुलित दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बताई। संवाद