सोनीपत। नगराधीश डॉ. अनमोल ने कहा कि अवैध खनन की रोकथाम के लिए नियमित जांच की जाए और अवैध खनन करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करें। यमुना के साथ लगते सभी गांव में मुनादी करवाएं कि अगर कोई व्यक्ति अवैध खनन करता पाया गया तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। प्रदूषण नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों का पालन किया जाए।
नगराधीश डॉ. अनमोल अपने कार्यालय में सोमवार को खनन को लेकर जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक ले रही थी। उन्होंने खनन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह नियमित रूप से रात्रि में खनन की जांच करें। स्टॉक से भी ओवरलोडिंग नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ओवरलोड वाहनों को पकड़ कर जुर्माना लगाएं। यह कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए। नगराधीश ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को यमुना बांध की देखरेख के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बांध का प्रयोग खनन के लिए नहीं होना चाहिए। इसके लिए बांध पर अवरोधक लगाए जाएं और इसकी नियमित जांच करें। नियमों की अनदेखी स्वीकार नहीं होगी। यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो उन पर कार्रवाई कर गिरफ्तार किया जाए।
इस दौरान खनन विभाग की ओर से कुछ गांवों की सूची दी गई, जिनमें अवैध खनन की सूचनाएं मिलती हैं। इन गांवों में बेगा, पबनेरा, मेहंदीपुर, बख्तावरपुर, नांदनौर, जगदीशपुर, मनौली व झुंडपुर विशेष रूप से शामिल हैं। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि इस मामले में खनन विभाग को पूर्ण सहयोग दिया जाए। इस दौरान क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव जितेंद्र गहलावत, उप पुलिस अधीक्षक अजीत, खनन अधिकारी अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।