सोनीपत। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने राठधना स्टेशन पर चलती पैसेंजर ट्रेन से दो महिलाओं के कान से बालियां झपटने के मामले में खुलासा किया है। राठधना स्टेशन पर एक लड़की का मोबाइल व पैसे चाेरी करने के आरोपी ने ही बालियां झपटने की भी वारदात को अंजाम दिया था। जीआरपी ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच कर्मी सरिता देवी ने बताया कि जीआरपी ने गश्त के दौरान 22 अगस्त को मोबाइल चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी सोनीपत के कुंडली के गांव छतेहरा बहादुरपुर निवासी आशीष उर्फ आशु है। गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस के सामने मोबाइल चोरी के बाद 12 जुलाई को राठधना स्टेशन पर चलती पैसेंजर ट्रेन से दो महिलाओं की बालियां झपटने का आरोप भी कबूल किया है। आरोपी ने 17 जुलाई को राठधना स्टेशन पर ट्रेन में एक लड़की का मोबाइल व पैसे चोरी किए थे। इसके बाद उसे न्यायालय से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके अलावा आरोपी ने कुंडली थाना क्षेत्र में एक बाइक चोरी की वारदात को भी कबूल किया है। आरोपी नशे की लत को पूरा करने के लिए ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था।