राई। गांव मलिकपुर के युवक को हत्या के मामले में फंसाने का डर दिखा दो लाख रुपये मांगे जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को मृतक का साला बताते हुए रुपये की मांग की है। आरोपी अपने जीजा के साथी को फंसाने का डर दिखा उनके भाई से रुपये मांग रहा है। मुरथल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव मलिकपुर निवासी दिनेश ने पुलिस को बताया कि 4 जनवरी को धतूरी रोड पर उनके गांव के सतबीर की सड़क हादसे में जान चली गई थी। सतबीर उनके छोटे भाई संजय का दोस्त था। दुर्घटना की शाम को दोनों ने फार्म पर शराब पी थी। जिसके बाद फार्म पर ही संजय वहीं सो गया था। सतबीर बाइक लेकर घर के लिए निकल गया था। रास्ते में हादसे में उनकी मौत हो गई थी। सतबीर के परिजनों ने संजय पर हत्या का शक जताया था। जिसके बाद मुरथल थाना व सीआईए की टीम ने उनके भाई से पूछताछ की थी। लेकिन उनकी कोई भूमिका नहीं मिली थी। दिनेश ने बताया कि अब करनाल का रहने वाला नरेश नाम का युवक खुद को सतबीर का साला बताकर उनसे दो लाख रुपये मांग रहा है। नरेश ने कॉल कर धमकी दी है कि उसके भाई संजय को हत्या के केस में फंसवा देगा। उसे बचाना चाहते हो तो दो लाख रुपये का इंतजाम करना होगा। लगातार नरेश कॉल कर रहा है। वह उसे करनाल पुलिस से कार्रवाई कराने की धमकी दे रहा है। जिस पर उन्होंने मुरथल थाना में शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।