सोनीपत। साइबर थाना पुलिस ने टास्क पूरा कर मोटी कमाई का लालच देकर नकदी ऐंठने के मामले में मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित सांवेर के बाबू सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है। ठगों ने आरोपी के खाते में रुपये डलवाए थे। गोहाना की कृष्णा कॉलोनी निवासी अजय कुमार ने 21 फरवरी को पुलिस को बताया था कि वह एक कंपनी में जॉब करते है। उनके पास 11 जनवरी को टेलीग्राम लिंक आया था, जिसमें टास्क पूरा कर मुनाफा देने को लिखा था। वह उनके झांसे में आ गए। उन्होंने 6.40 लाख रुपये जमा कराए थे। बाद में ठगी का पता लगा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। साइबर थाना के जांच अधिकारी गिरीश ने बाबू सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर ठगों ने बाबू के खाते में रुपये डलवाए थे। अब पुलिस अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। संवाद