खरखौदा। गांव सिलाना निवासी संदीप की पिटाई कर उसे घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए पीजीआई रोहतक में दाखिल करवाया गया है। घायल ने आरोपियों पर पिटाई के साथ ही दो लाख रुपये की नकदी व मोबाइल छीनने के आरोप लगा पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल संदीप का कहना है कि वह पशुओं का व्यापार करता है, उसने पड़ोस में ही एक महिला से उसका प्लाट पशु बांधने के लिए किराये पर लिया हुआ है। जहां पर वह महिला अपने पशुओं को भी बांधती है। कुछ दिनों पहले प्लाॅट मालिक महिला ने उससे दो लाख रुपये उधार मांगे थे और पैसे नहीं देने पर प्लाट खाली करने की बात कही थी। उसने सप्ताह भर में प्लाॅट खाली कर देने को भी बोल दिया था, लेकिन आरोपियों ने उसे फोन कर बहाने से प्लाॅट में बुलाया, जहां पर महिला, उसके दोनों बेटे, बहु, बहु का भाई व पांच छह अन्य लोगों ने उसे घेर लिया। उस पर राॅड, सरिया व डंडों से हमला करते हुए जबरदस्ती गाड़ी में बैठाया जाने लगा। अपने बचाव में शोर मचाने पर वहां लोग आ गए और आरोपी उसे जान से मार देने की धमकी देकर चले गए। घायल ने आरोपियों पर उसके दो लाख रुपये व मोबाइल भी ले जाने का आरोप लगाया है।