खरखौदा। गांव गोपालपुर में घर के बाहर हवाई फायर कर धमकी देने के मामले में खरखौदा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव गोपालपुर निवासी आशीष है। पीड़ित संदीप ने शिकायत दी थी कि गांव के ही अनिल के साथ उनका पैसों को लेकर विवाद चल रहा है और कई बार कहासुनी हो चुकी है। 15 मई की रात को वह घर पर ही थे कि उन्हें घर के बाहर गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। बाहर जाकर देखा तो उनके घर के बाहर आशीष, राजेश, वजीर, हैप्पी, ललित व अनिल खड़े थे। इन्होंने ही रंजिश रखते हुए उनके घर के बाहर पैसे के लेनदेन को लेकर दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर किए। धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो जान से मार देंगे। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष को गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।