गन्नौर। थाना गन्नौर पुलिस ने पिटाई कर रुपये, सामान छीनने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कैथल जिले के गांव कसोर फिलहाल पानीपत के गांव सोंधापुर निवासी रवि है। थाना प्रभारी सितेंद्र कुमार ने बताया कि 24 जुलाई 2022 को शेखपुरा निवासी जगमेहर ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। वह जब शेखपुरा अड्डे पर पहुंचे तो बाइक सवार दो युवकों ने उनकी पिटाई की और 40 हजार रुपये व बेग छीन कर भाग गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस ने दूसरे आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया और उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।