खरखौदा। खरखौदा-बहादुरगढ़ मार्ग पर एक सप्ताह पहले दो सवारी बसों की आमने-सामने की हुई भिड़ंत में घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक महिला गांव कंवाली निवासी राजबाला है। इससे पहले बस के चालक झज्जर के गांव खरमान निवासी हरविंद्र की भी मौत हो चुकी है।
16 सितंबर को शाम चार बजे खरखौदा-बहादुरगढ़ रूट पर चलने वाली सहकारी समिति की दो बसों की आमने-सामने की टक्कर हो गई थी। हादसे में दोनों बस में मौजूद यात्रियों में से करीब 50 लोग घायल हो गए थे, इसमें कई लोगों के हाथ-पैर टूटने के साथ ही सिर तक फट गए थे। हादसे में घायल बस के चालक हरविंद्र की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उस हादसे का शिकार हुई कंवाली गांव की राजबाला की भी रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची खरखौदा थाना पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।