राई। साइबर ठगों ने एक बार फिर युवक व महिला के खातों से 2.04 लाख रुपये की ठगी कर ली। युवक के खाते से 1.04 लाख रुपये निकाले गए तो महिला को झांसे में लेकर मामा बनकर कॉल की और एक अन्य खाते में एक लाख रुपये डलवा लिए। कुंडली थाना पुलिस ने दोनों मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
दिल्ली के नरेला स्थित विजय नगर निवासी राजेश त्यागी ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह कुंडली स्थित स्टील फैक्टरी में कार्यरत हैं। वह 27 जून को फैक्टरी में थे। उस दौरान उनके मोबाइल पर 50 हजार व 49500 रुपये कटने का मैसेज आया। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने के बाद अपने बैंक खाते को बंद करा दिया। जब उन्होंने बैंक शाखा में जाकर पता किया तो जानकारी मिली कि एक दिन पहले भी उनके खाते से पांच हजार रुपये निकाले गए थे। वह क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और यूपीआई की सुविधा का प्रयोग नहीं करते। उसके बावजूद खाते से रुपये निकल गए। उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामा बनकर की कॉल, खाते में डलवा लिए एक लाख रुपये
गांव पतला की महिला के साथ धोखाधड़ी की गई है। पूजा ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर 25 जून को कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने कहा कि मैं तुम्हारा मामा बोल रहा हूं। उसकी आवाज भी उसे अपने मामा की तरह लगी। उसने कहा कि तुम्हारी मामी का अस्पताल में ऑपरेशन होना है। इसके लिए एक लाख रुपये जमा करा दो। वह एक लाख रुपये तुम्हारे खाते में डाल रहे हैं। वह उसके झांसे में आ गई और कॉल करने वाले की तरफ से दिए नंबर पर एक लाख रुपये भेज दिए। जब उनके खाते में राशि नहीं आई तो उन्होंने पता किया। इस पर पता लगा कि मामा के नाम से किसी साइबर ठग ने कॉल की थी। इस पर कुंडली थाना में मुकदमा दर्ज कराया।