गन्नौर। गन्नौर गढ़ी केसरी के रहने वाले युवक की पानीपत में किशनपुरा फाटक पर ट्रेन की चपेट में आने मौत हो गई। 24 वर्षीय नवविवाहित दुकानदार की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। गन्नौर के गढ़ी केसरी के रहने वाले अमन कुमार अपने चाचा के घर से शनिवार देर रात अपने घर लौट रहे थे। रविवार को अमन का शव घर पहुंचा। उनकी शादी चार माह पहले ही हुई थी।
पानीपत में सनौली रोड पर अमन ने दुकान कर रखी है। वह शनिवार सुबह अपनी बाइक से दुकान पर गए थे। दोपहर 12 बजे वह पानीपत के किशनपुरा में अपने चाचा के घर चले गए। रात 11 बजे वापस अपने घर लौट रहे थे। जब उन्होंने किशनपुरा फाटक पार की तो उस दौरान उनका बैग गिर गया। वह जब फाटक पार करने के बाद बैग उठाने लगे तो पानीपत से दिल्ली की तरफ जा रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी।
दो भाइयों में छोटे थे अमन
अमन के पिता आनन्द किसान है। अमन के बड़े भाई कपिल हैं। कपिल भी छोटे भाई अमन के साथ उसके काम में हाथ बंटाते हैं। अमन की चार महीने पहले ही रीना से शादी हुई थी। इस वजह से परिवार में खुशी का माहौल था। पानीपत के सनौली रोड पर उन्होंने किराए के कमरे बना रखे हैं और वहां पर दुकान कर रखी है। इसको अमन संभालते थे।