गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुदेश ने कहा कि विश्वविद्यालय में संग्रहालय बनाया जाएगा। जिसमें विश्वविद्यालय के संस्थापक भगत फूल सिंह के जन्म से लेकर शहादत तक की सभी यादों को संजोया जाएगा। संग्रहालय बनाने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भगत फूल सिंह के जीवन से अवगत करवाना है।
उन्होंने बताया कि भगत फूल सिंह को जहां गोली मारी गई थी, वहां यज्ञशाला है और रोजाना हवन होता है। रविवार को पूर्व स्नातिका सुमित्रा देवी ने हवन करवाया, जिसमें यजमान उनके पुत्र जितेंद्र व पुत्रवधू सुनीता ने आहुति डाली।
सुमित्रा देवी ने कहा कि गुरुकुल के समय में जब वह यहां शिक्षा ग्रहण करती थी तब सुबह व शाम हवन होता था। जिसकी सुगंध से पूरा वायुमंडल शुद्ध हो जाता था। गुरुकुल की सभी कन्याएं हवन में शामिल होती थी और सभी को मंत्रोच्चारण आता था। हवन को जारी रखने के लिए सुमित्रा देवी व उनके परिवार ने सहयोग देने का आश्वासन दिया। कुलसचिव डॉ. नीलम मलिक ने कहा कि गुरुकुल समय में छात्राओं को विशेष सुविधा नहीं मिलती थी, उसके बावजूद भी अपनी शिक्षा व संस्कारों से आज वह उच्च पदों पर सेवा दे रही हैं। विश्वविद्यालय आज सभी आधुनिक सुविधाओं से संपन्न है। इस अवसर पर कमला रानी, डॉ. सुमन दलाल, सुनील, कविता मलिक सहित अन्य मौजूद रहे।