फोटो 07: सोनीपत के मॉडल टाउन में जर्जर भवन का निरीक्षण करने के दौरान मेयर राजीव जैन से बातचीत क
सोनीपत। मॉडल टाउन स्थित कामकाजी महिला आवास के जर्जर हो चुके भवन को तोड़कर इंडोर खेलों के लिए हॉल और पुस्तकालय बनाया जाएगा। इनका निर्माण होने से परिसर में फैली गंदगी और नशेड़ियों के अड्डे से स्थानीय लोगों को छुटकारा मिल सकेगा। मेयर राजीव जैन और चिल्ड्रन पार्क वेलफेयर एसोसिएशन के आग्रह पर उपायुक्त सुशील सारवान, निगम आयुक्त हर्षित कुमार, उप मंडल अधिकारी (नागरिक) सुभाष जून व संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़ ने मौका देखा और भवन को तोड़ने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि जैसा कॉलोनी वासी चाहेंगे उसी तरह का भवन तैयार किया जाएगा। दरअसल इस स्थान पर 2017 में पंजाबी भवन बनाने की योजना थी लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के चलते तत्कालीन कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने पार्क बनाने का निर्णय लिया था। बाद में जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में मामला उठने पर उपमंडल अधिकारी नागरिक एवं संयुक्त आयुक्त ने मौका देखकर भवन को गिरा कर पार्क बनाने की सिफारिश की थी। संवाद