सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में नकल पर अंकुश लगाने के लिए बोर्ड सचिव के उड़नदस्ते से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुंडली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र में एक विद्यार्थी को नकल करते दबोचा। जिसका यूएमसी बनाया गया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में सोमवार को 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र विषय का पेपर दिया। बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में बनाए गए 84 परीक्षा केंद्रों पर संचालित की जा रही परीक्षा को नकल रहित संचालित करने के लिए व्यापक कदम उठाए गए हैं। बाहरी हस्तक्षेप पर रोक लगाने के लिए पुलिस कर्मी भी दौड़ लगाते नजर आए।
जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने बताया कि जिले में नकल रहित परीक्षा संचालित करने के लिए व्यापक कदम उठाए गए हैं। सभी केंद्र अधीक्षकों व सुपरवाइजर को भी अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी से देने के लिए कहा है। कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।