गोहाना। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर युवक से 99974 रुपये ठग लिए गए। लक्ष्मीनगर निवासी राहुल पालीवाल ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पास एवी स्माल फाइनेंस बैंक का क्रेडिट कार्ड है। 10 जुलाई को उनके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एवी स्माल फाइनेंस बैंक का कर्मचारी बताया। उसके बाद उसने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के लिए ओटीपी बताने को कहा। कॉल पर क्रेडिट कार्ड की पेमेंट दूसरे क्रेडिट कार्ड के साथ समायोजित करने की बात कही। पीड़ित ने तीन बार ओटीपी बताया, इससे उनके क्रेडिट कार्ड से 71098, 19937 व 8939 रुपये तीन बार में कट गए। सदर थाना प्रभारी गोहाना इंस्पेक्टर मोहन सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।