गन्नौर। स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) ने गन्नौर फ्लाईओवर के पास लगाए गए नाके पर वाहनों की जांच करते हुए कार से 98 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसकी सूचना पाकर आयकर विभाग की टीम पहुंची और नकदी को अपने कब्जे में लेकर ट्रेजरी में जमा करवाया। स्टेटिक सर्विलांस टीम जीटी रोड पर गन्नौर फ्लाईओवर के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही है। इसी दौरान टीम ने एक कार को नाके पर जांच करने के लिए रोका। जांच में टीम को कार में से 98 हजार रुपये मिले। कार सवार गांव चटिया औलिया निवासी संजीव से नकदी संबंधित पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि यह राशि खाद व बीज खरीद के लिए लाए है। इस दौरान वह संतुष्ट जवाब नहीं दे सका। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट रूपेंद्र पूनिया नेतृत्व में टीम ने नकदी को अपने कब्जे में लेते हुए इसे ट्रेजरी में जमा करवाया है।