गोहाना। पानीपत नेशनल हाईवे स्थित गांव मुंडलाना के निकट वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। गांव निजामपुर निवासी सुभाष रविवार देर शाम गांव मुंडलाना में किसी काम से गया था। वह गांव के बीच से गुजर रहे पानीपत नेशनल हाईवे के किनारे से पैदल गुजर रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मुंडलाना चौकी पुलिस उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई आनंद की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।